
गंगटोक: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन समरदुंग सुरंग में हुए भूस्खलन के बाद फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रारंभिक जानकारी में करीब 27 मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंदर मौजूद मजदूरों की सटीक संख्या का सत्यापन किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन के कारण सुरंग का प्रवेश मार्ग मलबे से बंद हो गया। इसके साथ ही सुरंग के भीतर मीथेन गैस के रिसाव की आशंका ने बचाव अभियान को और कठिन बना दिया है। गैस के प्रभाव से कुछ बचावकर्मियों को चक्कर आने और बेहोश होने की शिकायत भी हुई, जिसके बाद गैस मास्क और विशेष सुरक्षा उपकरणों के साथ अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है। घटनास्थल पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से राहत कार्य में जुटी हैं।
सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों तक सुरक्षित पहुंच बनाने के लिए मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन ने आसपास के लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। देर रात तक किसी भी मजदूर के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक अंतिम व्यक्ति को सुरक्षित नहीं निकाल लिया जाता।
