04/07/2026

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को आयोजित यूपी मैंगो फेस्टिवल का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से आए बागवानों द्वारा प्रदर्शित आम की दुर्लभ और उत्कृष्ट किस्मों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में रखा करीब आधा किलो वजन का विशाल आम मुख्यमंत्री के आकर्षण का केंद्र बना। आम को देखकर सीएम योगी मुस्कुराए और उसकी विशेषताओं तथा उत्पादन के बारे में जानकारी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा आम उत्पादक राज्य है और यहां के दशहरी, लंगड़ा, चौसा सहित कई प्रसिद्ध किस्मों के आमों की मांग देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आम आज ब्रिटेन, कतर समेत अनेक देशों में निर्यात किए जा रहे हैं। बेहतर गुणवत्ता, वैज्ञानिक खेती, आधुनिक पैकेजिंग और कोल्ड चेन सुविधाओं के कारण प्रदेश के आमों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अलग पहचान बन रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के कृषि उत्पादों के निर्यात को और बढ़ावा देना है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।

मैंगो फेस्टिवल में प्रदेश के विभिन्न जिलों के बागवानों ने सैकड़ों किस्मों के आम प्रदर्शित किए। कार्यक्रम में आम उत्पादन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट उत्पादकों और बागवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को विश्व स्तर पर आम उत्पादन और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

मेले में बड़ी संख्या में किसान, उद्यान विभाग के अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ और आम प्रेमी मौजूद रहे। पूरे आयोजन में प्रदेश की बागवानी क्षमता और आम की विविधता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *