प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले उन्हें सोशल मीडिया पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियां और ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) हरकत में आ गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में धमकी देने वाले सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े आईपी एड्रेस का पता लगाए जाने की भी खबर है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह धमकी फेसबुक पर “Melbourne Meets Modi” नामक सामुदायिक कार्यक्रम से संबंधित एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में दी गई थी। यह कार्यक्रम 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में प्रस्तावित है, जहां प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय को संबोधित कर सकते हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने कार्यक्रम को लेकर आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी की, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी वास्तविक थी या केवल सोशल मीडिया पर की गई भड़काऊ टिप्पणी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के कानूनों के तहत आपराधिक कार्रवाई बनती है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 से 10 जुलाई के बीच ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनकी ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ वार्षिक शिखर वार्ता होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी मेलबर्न में भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
धमकी की घटना के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
