
हापुड़। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा एवं जलाभिषेक को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी कविता मीना एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जनपद के प्रमुख कल्यानेश्वर महादेव मंदिर एवं भूतेश्वर महादेव मंदिर का औचक निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसरों में बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन एवं जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी तथा यातायात प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसरों में सभी मूलभूत सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं तथा कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
