04/07/2026

हापुड़,। राजधानी लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय आम महोत्सव में जनपद हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर तहसील के किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। प्रदेश के प्रगतिशील आम उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में जनपद हापुड़ के एफपीओ को उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

यह सम्मान जनपद के आम उत्पादकों की मेहनत, नवाचार तथा उद्यान विभाग हापुड़ के सतत मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। जिला उद्यान विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीक, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, जैविक खेती, समूह आधारित विपणन एवं एफपीओ सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार मार्गदर्शन दिया जा रहा है। विभाग के सहयोग से किसानों ने गुणवत्तायुक्त एवं बाजारोन्मुखी आम उत्पादन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।

महोत्सव के तीसरे दिन राजभवन, लखनऊ में आयोजित बायर-सेलर मीट में जनपद हापुड़ के प्रगतिशील कृषक हर्षवर्धन त्यागी प्रदेश भर के उद्यान विशेषज्ञों, व्यापारियों एवं निर्यातकों के समक्ष जैविक आम उत्पादन, गुणवत्ता प्रबंधन, एफपीओ मॉडल तथा विपणन से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। उनका संबोधन अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत होने के साथ-साथ हापुड़ के आम को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जनपद के आम उत्पादकों को उच्च गुणवत्ता, जैविक उत्पादन, मूल्य संवर्धन एवं बेहतर विपणन से जोड़ने के लिए विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक एफपीओ की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जनपद हापुड़ के बागवानी क्षेत्र की सफलता का प्रतीक है। विभाग भविष्य में भी किसानों की आय बढ़ाने तथा हापुड़ को उत्कृष्ट आम उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *