17/08/2026

हापुड़। उत्तर प्रदेश सरकार ने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के अंतर्गत पात्र अभ्यर्थियों को ‘O Level’ और ‘CCC’ कंप्यूटर कोर्स का प्रशिक्षण मुफ्त में कराया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 जुलाई 2026 कर दी गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संचालित इस योजना का उद्देश्य OBC वर्ग के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण भारत सरकार की अधिकृत संस्था NIELIT से मान्यता प्राप्त चयनित संस्थानों के माध्यम से दिया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का होना, इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण होना तथा आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही आवेदक बेरोजगार हो और किसी अन्य सरकारी छात्रवृत्ति का लाभ नहीं ले रहा हो।
कोर्स की अवधि
O Level: 1 वर्ष
CCC: 3 माह
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी OBC कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के बाद हस्ताक्षरित आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी तथा आय, जाति, निवास और शैक्षिक प्रमाण-पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज 20 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-14, विकास भवन, दिल्ली रोड, हापुड़ में जमा करना अनिवार्य होगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने पात्र युवाओं से समय रहते आवेदन कर इस निःशुल्क प्रशिक्षण योजना का लाभ उठाने की अपील की है।